रविवार को होंगी प्रतियोगी परीक्षाएं, राजधानी में जुटेंगे 1 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी

Share it:


जयपुर। राजधानी में रविवार को प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी, जिसकी तैयारियों के लिए रोडवेज प्रशासन अतिरिक्त बसों के जुगाड़ में लगा है। परीक्षाओं में एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थी जयपुर में जुटेंगे, जिसे देखते हुए सिंधी कैम्प से 100 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। छात्रों की सबसे ज्यादा भीड़ दौसा, झुंझुनू, सीकर, करौली और सवाई माधोपुर से आने की उम्मीद है। सिंधी कैम्प प्रशासन की मानें तो कुल छात्रों का 40 प्रतिशत यात्रीभार रोडवेज के माध्यम से सफर करेगा। रविवार को ग्राम सेवक एवं पंचायत सचिव और छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-द्वितीय संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। रोडवेज अधिकारियों की मानें तो परीक्षा के तहत प्रदेशभर से एक लाख से ज्यादा छात्र जयपुर आएंगे और जाते समय रोडवेज बस ही मुख्य साधन रहेगा। ऐसे में छात्रों की भीड़ और सामान्य यात्रियों के लिए बसों में सीट का इंतजाम करने के लिए 100 अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। उधर, 60 हजार से अधिक छात्र जयपुर से बाहर परीक्षा देने जाएंगे, ऐसे में रोडवेज के अन्य बस अड्डों पर भी अतिरिक्त बसों का इंतजाम रहेगा। छात्रों की संख्या को देखते हुए जयपुर, वैशाली नगर, विद्याधर नगर, कोटपुतली, दौसा, टोंक, अजमेर, झुंझुनू, सीकर और सवाई माधोपुर डिपो पर अतिरिक्त बसों के इंतजाम रखने के निर्देश मिले हैं। ताकि किसी भी समय छात्रों की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। यह भी ध्यान रखने को कहा है कि छात्र बसों की छतों पर सफर नहीं करने चाहिए।

READ SOURCE
Share it:

शिक्षा/नौकरी

Post A Comment:

0 comments: